
चतरा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे एक व्यापक अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 912 किलोग्राम डोडा कब्ज़े में ले लिया। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह छापेमारी सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के निर्देश पर की गई थी। बताया गया कि गांव निवासी जंगाली गंझू के घर से भारी मात्रा में डोडा मिला। हालांकि, पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुँचते-पहुँचते आरोपी मौके से फरार हो चुका था। जंगाली की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह तलाशी और पड़ताल जारी है। एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह जिले में हाल के दिनों की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी में से एक है और पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए हर संभव पहल कर रही है। “नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा,छापेमारी के दौरान लावालौंग थाना टीम के साथ जिला बल के जवान भी मौजूद थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह डोडा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की तस्करी या नशे के कारोबार की जानकारी हो तो तुरंत सूचित करें।
