
चतरा: कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार एवं जिंदा गोलियों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाई गई छापामारी में एक देशी 9एमएम सिक्सर, तीन जिंदा गोलियां और एक मोटरसाइकिल जप्त किया गया। पुलिस अधीक्षक, चतरा को 21 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली कि बानासाम गांव से रंथा मोड़ होते हुए कुछ संदिग्ध अपराधकर्मी अवैध हथियार लेकर कुंदा की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
रंथा मोड़ पर गिरफ्तारी
छापामारी दल ने रंथा मोड़–कुंदा–लावालौंग मुख्य मार्ग पर स्थित तीन मुहाने के पास पहुंचकर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम बलदेव गंझू उर्फ छोटु गंझू (35), पिता रामवृक्ष गंझू, सासंग बानासाम, तथा सुरेंद्र कुमार (23), पिता पृथ्वी गंझू, सासंग बजराही, दोनों थाना कुंदा, जिला चतरा बताया।
हथियार और गोलियां बरामद
विधिवत तलाशी के दौरान बलदेव गंझू की कमर पर बेल्ट के सहारे लगे खोसे से एक देशी 9एमएम सिक्सर और एक जिंदा गोली बरामद हुई। वहीं सुरेंद्र कुमार के जींस पैंट के बाएं पैकेट से दो जिंदा 9एमएम गोलियां निकलीं। पुलिस ने हथियार, तीन जिंदा गोलियां और काला-लाल रंग का एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जप्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 68/2026, दिनांक 21.11.2026, धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
*एक आरोपी का पुराना मामला*
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुरेंद्र कुमार का चतरा सदर थाना में कांड संख्या 307/2025, दिनांक 19 सितंबर 2025, धारा 25(1-B)a/26 आर्म्स एक्ट के तहत पूर्व मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार, स.अ.नि. नागेश्वर पंडित, स.अ.नि. मुनेश्वर चौधरी सहित थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे। चतरा क्षेत्र में पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है; हाल ही में भी इसी क्षेत्र से हथियार के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आई हैं।
