
Chatra : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गृह प्रवेश सप्ताह कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज 21 नवंबर को चतरा जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन), अबुआ आवास योजना एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत निर्मित आवासों में कुल 79 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। गृह प्रवेश के अवसर पर लाभुकों को उनके नवनिर्मित घरों की चाबी, मिठाई एवं बधाई पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, प्रत्येक आवास के सामने एक पौधा लगाया गया। इस पहल के माध्यम से नए घर में प्रवेश की खुशी के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिवेश का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला परिषद के उपाध्यक्ष ,जिला समन्वयक,प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने लाभुक एवं उनके परिवारों को नए आवास की बधाई देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
