
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, चतरा रवि आनंद ने 27-चतरा (अ0जा0) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों के निष्पादित मामलों का स्थलीय सत्यापन किया। इस क्रम में उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या-525 एवं 518 के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं के घर पहुंचकर बीएलओ (BLO) द्वारा प्रपत्र-6 के माध्यम से प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों की जांच की। उन्होंने संबंधित मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित कर आवेदन में दर्ज विवरणों एवं तथ्यों की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही उनका भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान आवेदनों में अंकित जानकारियों की वास्तविक स्थिति का मिलान करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि Manual on Electoral Roll, 2023 में निहित प्रावधानों के आलोक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 01 नवंबर 2026 से 21 नवंबर 2026 तक मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निष्पादित मामलों की Super-checking (विशेष पुनः जांच) निर्धारित की गई थी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त द्वारा स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर संबंधित मामलों का स्थल सत्यापन किया गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक आवेदन की निष्पक्षता एवं गंभीरता से जांच करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन पूरी जिम्मेदारी एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप करने का निर्देश दिया। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार उक्त मतदान केंद्र के बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
