
चतरा के लावालौंग प्रखंड में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को लावालौंग के विभिन्न क्षेत्रों में एसएसबी जवानों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लावालौंग मुख्य चौक सहित आसपास के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जवानों ने साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।स्वच्छता अभियान के दौरान एसएसबी जवानों ने सार्वजनिक स्थलों पर फैले कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। साथ ही सड़क किनारे एवं अन्य स्थानों पर जमा गंदगी की सफाई की गई। जवानों ने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।अभियान के दौरान जवानों ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और उनके स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के संदेश को भी लोगों तक पहुंचाया। एसएसबी जवानों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।गांधी जयंती के अवसर पर चलाए गए इस अभियान से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश पहुंचा।क्षेत्रवासियों ने एसएसबी जवानों द्वारा किए गए इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों की नियमित साफ-सफाई के साथ आम लोगों की सहभागिता से क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
