
लावालौंग /चतरा : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद एवं पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, लावालौंग में मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन बीपीओ श्री ईश्वर राम ने किया। मौके पर बीआरपी अनिल गुप्ता, प्रधानाध्यापक अशोक पासवान,पीरामल फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अमित भारती, शिक्षक राजेश महतो, दयानंद सिंह एवं विवेक कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, स्वास्थ्य कार्यकर्ता समेत विभिन्न पदों की भूमिका निभाते हुए ग्राम सभा की कार्यवाही का प्रदर्शन किया।इस दौरान विद्यालय परिसर में ग्राम सभा जैसा माहौल देखने को मिला।मॉडल ग्राम सभा में पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।विद्यार्थियों ने समस्याओं के समाधान को लेकर प्रस्ताव रखे तथा पंचायत के विकास कार्यों और बजट से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया।चर्चा के बाद प्रस्तावों को लोकतांत्रिक तरीके से पारित किया गया। बैठक की कार्यवाही को मिनट्स रजिस्टर में दर्ज किया गया।मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की।उन्होंने कहा कि मॉडल यूथ ग्राम सभा के माध्यम से बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और नागरिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है। साथ ही विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।बताया गया कि झारखंड के चयनित पीएम श्री विद्यालयों में मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है।बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विद्यालयों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की व्यवस्था है। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया।
*रिपोर्टर मो0 साजिद*
