
कान्हाचट्टी/ चतरा : पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राजपुर में बुधवार को आयोजित मॉडल यूथ ग्राम सभा ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का जीवंत अनुभव दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, भूमिका और महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें जनभागीदारी के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने कक्षा सातवीं और आठवीं के स्तर पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। कुछ बच्चे जनप्रतिनिधि बने, तो कुछ ग्रामीण। उन्होंने ग्राम सभा में अपनी बात रखने, समस्याएं सुनने, विचार-विमर्श करने और समाधान के प्रस्ताव रखने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस दौरान गांव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और सामूहिक निर्णय की प्रक्रिया को समझा गया।
व्यवहारिक अनुभव से मिला ज्ञान
मॉडल यूथ ग्राम सभा के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला। अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हुए बच्चों ने सीखा कि बैठक में अपनी बात कैसे रखी जाती है, दूसरों की बात को ध्यानपूर्वक कैसे सुना जाता है और सामूहिक चर्चा के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में कैसे आगे बढ़ा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गांव से संबंधित विभिन्न मुद्दों को लेकर संवाद किया। इसमें समस्या की पहचान, उस पर चर्चा, समाधान के सुझाव और सामूहिक निर्णय जैसी प्रक्रियाओं को मॉडल ग्राम सभा के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों के इस प्रयास की विद्यालय के शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
मुखिया ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायत के मुखिया विकास सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडल यूथ ग्राम सभा का अवलोकन किया और उनके प्रयास की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही ग्राम सभा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी मिलना जरूरी है। इससे उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे भविष्य में समाज तथा पंचायत के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार होते हैं।
मुखिया ने विद्यार्थियों को अपनी बात स्पष्ट तरीके से रखने, दूसरों की बात सुनने तथा समाज एवं गांव से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मॉडल यूथ ग्राम सभा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक व पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, बीआरपी सुभाष जी एवं सीआरपी अमरेंद्र जी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रस्तुतिकरण को देखा तथा उनके प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन पिरामल फाउंडेशन की अदिति भंडारी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मॉडल यूथ ग्राम सभा के माध्यम से ग्राम सभा की प्रक्रिया, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
कान्हाचट्टी संवाददाता नितेश कुमार सिंह
