
हजारीबाग | कोर्रा थाना क्षेत्र में डकैती जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर 18 अक्टूबर 2025 को कनहरी हिल स्थित फॉरेस्ट एरिया के आसपास योजना बना रहे अपराधियों में से पांच अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ आरोपी फरार होने में सफल रहे थे। इस मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 185/2025 दिनांक 18.10.2025, धारा 310(4) बीएनएस एवं 25(1-B)ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 18 दिसंबर 2025 को इस घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार (23 वर्ष), पिता अशोक कुमार तथा विक्की कुमार (18 वर्ष), पिता महेन्द्र प्रसाद, दोनों निवासी कोरियाडीह, थाना बरही, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक पांच कड़ी सोना जैसी सिकड़ी का टुकड़ा व हुक (वजन लगभग 9.50 ग्राम) के अलावा सैमसंग एस-23 अल्ट्रा, रेडमी, ओप्पो, वनप्लस नॉर्ड तथा आईक्यू कंपनी के कुल छह स्मार्टफोन बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई को कोर्रा थाना प्रभारी पु.अ.नि. अजीत कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। छापेमारी दल में पु.अ.नि. बिट्टू रजक एवं कोर्रा थाना पुलिस रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
