
Chatra : लावालौंग प्रखंड परिसर में शनिवार को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के माध्यम से जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं को कानून एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की दर्जनों महिलाएं, अंचल कर्मी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक नागरिक को कानून के तहत अपने अधिकारों की जानकारी रखना आवश्यक है। विशेष रूप से महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न सहित अन्य सामाजिक एवं कानूनी मामलों से संबंधित प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई।इस दौरान महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी प्रकार की कानूनी समस्या उत्पन्न होने पर वे संबंधित विभाग या विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई।महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें।कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं तक कानून एवं विधिक सहायता से संबंधित जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। मौके पर जेएसएलपीएस से जुड़ी दर्जनों महिलाएं एवं अंचल कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
