
Chatra : लावालौंग प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत 35वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ‘बी’ समवाय, लावालौंग के तत्वावधान में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से एसएसबी जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों एवं आमजनों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया।
रैली में शामिल एसएसबी जवानों ने अपने दोपहिया वाहनों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया। लावालौंग के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी इस रैली के दौरान जवानों ने क्षेत्रवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अपने-अपने घरों पर गरिमा और आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही, आम नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने और इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना था। रैली में एसएसबी जवानों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं व ग्रामीणों ने भी बड़े उत्साह और देशभक्ति के गीतों के बीच अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए देश की प्रगति और सुरक्षा में जन-सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
*रिपोर्टर मो0 साजिद*
