
कुंदा (चतरा): कुंदा थाना क्षेत्र के पाठकडीह टोला स्थित झाड़ियों में सोमवार शाम एक 16 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू की। युवती के पेट और मुंह पर चोट के निशान पाए गए हैं।परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।वहीं परिजनों और युवती के जीजा ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।परिजनों के अनुसार युवती सोमवार रात करीब 10:30 बजे तक घर पर थी।इसके बाद वह गांव की दो अन्य लड़कियों के साथ तीज के अवसर पर गांव में बज रहे डीजे कार्यक्रम में शामिल होने गई थी।कार्यक्रम के बाद वह घर वापस नहीं लौटी।परिजनों ने रातभर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में ग्रामीणों से झाड़ियों में शव पड़े होने की जानकारी मिली।शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य पहलुओं के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
