
कान्हाचट्टी/चतरा । रामनगर हाई स्कूल स्टेडियम में शनिवार को प्रखंड स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख इंदु कुमारी ने किया। उद्घाटन के साथ ही स्टेडियम में खेल गतिविधियां शुरू हो गयीं। प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को लेकर सुबह से ही स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों और शिक्षकों की चहल-पहल बनी रही। विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभागी अपनी-अपनी स्पर्धाओं को लेकर उत्साहित नजर आये। विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख इंदु कुमारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेल के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर उपस्थित अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे आगे चलकर प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों से आये शिक्षक अपने-अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आये। वहीं खेल मैदान में मौजूद विद्यार्थियों में भी अपने साथियों के प्रदर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह रहा। ये रहे मौजूद: उद्घाटन समारोह में मुखिया घनश्याम पासी, विधायक प्रतिनिधि सच्चिदानंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि पंकज सिंह समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद थे।
