
चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र में मुर्गा फार्म से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल के पार्ट्स और इंजन को ग्राम दुन्दु स्थित बंद माइंस के पानी भरे गड्ढे में छिपा रखा था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बाइक के खुले हुए पार्ट्स, इंजन और चोरी का वीवो मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को बिन्दयाही गांव के सागासोत टोला स्थित सहेन्द्र यादव के मुर्गा फार्म में चोरी हुई थी। चोर फार्म से मोटरसाइकिल, इन्वर्टर-बैटरी, कांटा मशीन, तीन मोबाइल फोन और मुर्गे लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद सहेन्द्र यादव के लिखित आवेदन पर हंटरगंज थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। इसके बाद जावादोहर गांव निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार, पिता बसंत भारती और 20 वर्षीय नागेन्द्र कुमार भुईयां, पिता सुदय भुईयां को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस दोनों को लेकर ग्राम दुन्दु पहुंची। वहां बंद माइंस के पानी से भरे गड्ढे में तलाशी के दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या JH13K-6088 के खुले हुए पार्ट्स और इंजन बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी का वीवो मोबाइल भी पुलिस के हाथ लगा।
आरोपियों के पास से भी मोबाइल बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार के पास से नार्जो कंपनी और नागेन्द्र कुमार भुईयां के पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंटरगंज थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, थाना प्रभारी संदीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार दुबे, तकनीकी टीम और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
