
चतरा जिले के सिमरिया स्थित सुभाष चौक पर कोयला लदे ट्रक और फ्लाई ऐश लदे ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर से ट्रक की तेल टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक और खलासी सुरक्षित रहे। सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया।
हादसे के बाद जेएलकेएम नेता मोहम्मद गुलाम ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं, जाम और हजारों मौतों के बावजूद कोयला वाहनों के लिए बाईपास नहीं बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चतरा जिले को जहन्नम बना दिया गया है और जनता घुट-घुटकर जीने को मजबूर है। स्थानीय लोगों की मांग है कि तत्काल बाईपास बनाया जाए, ट्रैफिक नियंत्रण सुदृढ़ हो और ओवरलोडेड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
