
Chatra : लावालौंग प्रखंड अंतर्गत मंधनिया आजीविका महिला संकुल स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के द्वारा शुक्रवार को वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ लावालौंग पंचायत के मुखिया नेमन भारती, बीपीएम रंजय गुप्ता,सीसी बिंदु कुमारी, पीआरपी संदीप बैठा, प्रतिमा देवी एवं सीएलएफ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।आमसभा में मंधनिया सीएलएफ के वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय एवं वित्तीय लेखा-जोखा संकुल से जुड़ी सभी सदस्य दीदियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस दौरान संकुल की ओर से वर्षभर में किए गए कार्यों, महिला समूहों की गतिविधियों तथा आजीविका से संबंधित प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला समूहों को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने को लेकर आवश्यक चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाले ग्राम संगठनों एवं विभिन्न जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले कैडरों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले सदस्यों में खुशी एवं उत्साह देखा गया। अतिथियों ने महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं और परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।मौके पर मुखिया नेमन भारती, प्रतिमा देवी, सीसी, आई-पीआरपी, विभिन्न कैडर, सीएलएफ पदाधिकारी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में दीदियां उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर मो0 साजिद
