
चतरा : सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित चटनियां नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों में से दो की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान चोर मोहल्ला निवासी अंश प्रकाश और घघरटोली निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वहीं उनके साथ आए तीसरे बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उसकी तलाश में पुलिस और ग्रामीण जुटे हुए हैं। दरअसल तीनों दोस्त शुक्रवार की अहले सुबह साइकिल से चटनियां नदी पहुंचे थे। जहां नदी किनारे तीनों ने पास्ता बनाकर खाया। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। आशंका है कि इसी क्रम में दो बच्चे डूब गए, जबकि तीसरे के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे पहले सड़क किनारे एक बच्चे के शव पर पड़ी थी। वहीं दूसरे बच्चे का शव नदी किनारे बरामद किया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटनास्थल के आसपास तीन साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग, कपड़े समेत अन्य सामान बरामद हुए हैं। सामान मिलने के बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनमें से कौन-कौन सी वस्तुएं मृतकों और लापता तीसरे बच्चे की है। वहीं पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों की मौत नहाने के दौरान नदी में डूबने से प्रतीत हो रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। अब दो दोस्तों के शव मिलने और तीसरे के लापता होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या तीसरा बच्चा भी नदी में डूबा है या किसी तरह नदी से निकलकर वहां से चला गया। पुलिस इन दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वही अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया नदी में डूबने से मौत होने का प्रतीत हो रहा है।
