
चतरा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आगामी 28 जून को चतरा कॉलेज स्थित मल्टी पर्पस हॉल में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।कार्यक्रम की तैयारी को लेकर गुरुवार को झामुमो युवा मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई।बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने की।बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए राहुल यादव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटना उसके संवैधानिक अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान सभी बीएलए को सतर्क और जिम्मेदार भूमिका निभानी होगी, ताकि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित कारण के मतदाता सूची से न हटे।उन्होंने कहा कि 28 जून का प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक संगठनात्मक बैठक नहीं,बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण,आवश्यक दस्तावेजों की जांच, आपत्तियों एवं दावों की प्रक्रिया तथा मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से बीएलए,पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।कार्यक्रम के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।बैठक में युवा मोर्चा उपाध्यक्ष संजीव कुमार,महमूद खान,जिला संगठन सचिव प्रमोद कुमार,अनिल मुंडा,मयूरहंड प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार भारती,टिंकू भुईयां, सदर प्रखंड के युवा नेता राकेश यादव, चंदन यादव,संजीत दांगी,प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।पार्टी प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल ने जिले के सभी प्रखंडों के कार्यकर्ताओं से 28 जून के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
