
चतरा : जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण सह खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक जनार्दन पासवान ने ग्लोबल सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि 60 बेड का यह अत्याधुनिक अस्पताल सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस है। इसके शुरू हो जाने से अब चतरा और आसपास के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी और जिले में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है। इस अस्पताल को जल्द ही आयुष्मान भारत योजना तथा असाध्य रोग योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज में आर्थिक राहत मिल सके। अस्पताल उद्घाटन के बाद मंत्री ने चतरा परिसदन सभागार में खाद्य आपूर्ति, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में जनवितरण प्रणाली, पैक्स, राशन वितरण, धोती-साड़ी वितरण सहित विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था में नियमित निगरानी और शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की स्थिति और मैनपावर की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की कमी से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आमजनों को बेहतर और सुलभ उपचार सुनिश्चित किया जा सके। चतरा आगमन पर मंत्री का स्वागत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। पूरे दौरे के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बाइट : इरफान अंसारी, मंत्री
