
Chatra : हजारीबाग जोन के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने हाल ही में चतरा जिले का दौरा कर पुलिस व्यवस्था और कानून‑व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में कार्यरत पुलिस टीम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि टीम बेहतर दिशा में काम कर रही है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर केस निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और कानून की बारीकियों पर गहन चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
मीडिया से बातचीत में डीआईजी ने कहा कि जिले में माओवादी गतिविधियों पर लगभग पूर्ण नियंत्रण स्थापित हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ आपराधिक गिरोह अन्य संगठनों के नाम पर सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी पहचान कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे लोगों से उन्होंने अपील की कि वे झारखंड सरकार की सरेंडर नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन जिएं।
डीआईजी ने बताया कि जिले में कई आपराधिक मामलों का सफल निष्पादन किया जा चुका है और कई अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी बचे मामलों में भी जल्द ही कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि पोस्ते की अवैध खेती में पहले की तुलना में उल्लेखनीय कमी आई है और बड़े पैमाने पर पोस्ते की फसलों को नष्ट किया जा चुका है, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि डोडा अफीम और गांजा जैसे नशीले पदार्थों के उत्पादन और तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में पुलिस ने अफीम की कई खेप जब्त की है और इस धंधे में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। शेष आरोपियों पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है और अन्य राज्यों के लोगों की भी पहचान की जा रही है।
डीआईजी अंजनी कुमार झा के इस दौरे को जिले में कानून‑व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने अपराध और नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करने का स्पष्ट संदेश दिया और पुलिस को पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। इस दौरे के दौरान एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद थे।
