
कान्हाचट्टी /चतरा । राजपुर थाना क्षेत्र के बैंगोकला पंचायत अंतर्गत गाड़िया गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के समीप पुल के नीचे सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान गाड़िया गांव निवासी स्व. धनेश्वर यादव के 36 वर्षीय पुत्र विजय यादव के रूप में बतायी जा रही है. शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. घटना की सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच के साथ अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है. ग्रामीणों ने जतायी हत्या की आशंका : शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. कुछ ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पुल के नीचे फेंका गया होगा. हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की गयी है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. दो माह पहले भी हुई थी हत्या : बताया जाता है कि करीब दो माह पहले भी गाड़िया गांव में हत्या की घटना सामने आयी थी. ऐसे में एक बार फिर उसी गांव के युवक का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गयी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल युवक की मौत हत्या है या हादसा, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा.
