
चतरा। जिले के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में चतरा पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बीते बुधवार को इटखोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बलेनो कार संख्या जेएच 028जे -5997 से 2 किलो 28 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर का नाम विकास कुमार(22 वर्ष) है। तस्कर सदर थाना क्षेत्र के लिपदा मोहल्ला का रहनेवाला है। आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेनो कार से एक तस्कर इटखोरी थाना क्षेत्र के रास्ते से अफीम की खरीद बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यालय डीएसपी श्रीमती अमिता लकड़ा के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन करते हुए उक्त सफलता हासिल की गई। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 10 लाख रु है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ में यह बात सामने आई कि चतरा से अफीम की खरीदगी कर हजारीबाग जिला ले जाते हैं और वहां से ब्राउन सुगर की प्रोसेसिंग करते हैं। इसके बाद हजारीबाग से दूसरे राज्यों में भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में अंतर्राज्यीय गिरोह का भी पता चला है। उनकी तलाश में छापामारी अभियान चलाई जा रही है। एसपी ने बताया कि इसके अलावा जेल से छूटे हुए तस्करों पर भी निगाह रखी जा रही है। प्रत्येक थाना को जिम्मेवारी दी गई है कि ऐसे लोगों को प्रति दिन थाना में बुलाकर हाजिरी लें और आने जाने वाली जगहों पर निगाह रखें।
