
चतरा में दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वशिष्टनगर थाना क्षेत्र के मुरेनवा में शादी समारोह से लौट रहे युवक की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टंडवा में अज्ञात कोल वाहन के चपेट में आने से दो स्कूटी सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब विकास कुमार शादी समारोह से वापस लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज गति से आ रही ट्रक ने कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चतरा-डोभी मुख्यमार्ग को जाम कर दिया।सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, वशिष्टनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह व सीओ रितिक कुमार मुरेनवा पहुंचे और गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं अज्ञात कोल वाहन से मौत के घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क को जाम कर मुआवजे की मांग कर रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सलैया पंचायत के मुखिया मनोज पासवान ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनास्थल पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
संवाददाता ,प्रवीण कुमार सिंह
