
सिमरिया (चतरा)। नशे के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिमरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बगरा-लावालौंग मार्ग के पास गोठाई गाँव के नज़दीकी जंगल में दबिश देकर पुलिस ने गुरुवार को 1 किलो 113 ग्राम अफीम बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद अफीम की मार्केट वैल्यू करीब छह लाख रुपए आंकी गई है। एक साथी मौके से जंगल की ओर भागकर बच निकला।
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। जैसे ही पुलिस टीम जंगल के पास पहुँची, वहाँ खड़े कुछ लोग पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जलमा गांव के निवासी राजू गंझु और रामदेव गंझू के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे वहीं अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुँचे थे। फरार व्यक्ति की पहचान सरफराज खान के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से अफीम के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त बताए जा रहे दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि सिमरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसडीपीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चतरा पुलिस नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और इससे जुड़े सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुँचाएँ ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके। अभियान में सिमरिया के सीओ गौरव, थाना प्रभारी सूर्यप्रताप और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस बरामद अफीम की कीमत और फरार आरोपियों की गुजरात छानबीन कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारों से आगे की पूछताछ की जाएगी।
