
Chatra : लावालौंग प्रखंड क्षेत्र के कोलकोले पंचायत अंतर्गत भुसार से लावालौंग जाने वाली जर्जर मिट्टी सड़क की मरम्मत कार्य आखिरकार शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से खराब पड़ी इस सड़क पर आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो जाती थी, जिससे मरीजों को अस्पताल, बच्चों को स्कूल और किसानों को बाजार तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।ग्रामीणों की मांग और पहल पर मुखिया राजेश साहू के नेतृत्व में वन विभाग के माध्यम से सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। फिलहाल सड़क पर मुरम डालकर उसे समतल किया जा रहा है, ताकि वाहनों का आवागमन सुगम हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के ठीक होने से भुसार सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और प्रखंड मुख्यालय से संपर्क भी बेहतर होगा।बताया जाता है कि मुखिया राजेश साहू एवं ग्रामीणों ने पूर्व में इस संबंध में डीएफओ सूरज कुमार सिंह को आवेदन सौंपा था। आवेदन पर पहल करते हुए विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और मरम्मत कार्य शुरू कराया। साथ ही सड़क को भविष्य में पक्की बनाने को लेकर प्रशासन स्तर पर चर्चा भी की गई है।डीएफओ के निर्देश पर वनरक्षी अमित कुमार, खीरू प्रजापति, पिंटू कुमार, उमेश प्रसाद, पप्पू कुमार सहित कई ग्रामीणों की मौजूदगी में कार्य शुरू हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के प्रति आभार जताते हुए कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
