
चतरा। चतरा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सनी वर्धन से साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ सिमु प्रभाकर की हालिया मुलाकात ने जिले में एक व्यापक साइबर जागरूकता अभियान को नए पंख दिए हैं। सिमु ने कहा कि डिजिटल दुनिया में तेज़ी से बढ़ रहे अपराधों से निपटना केवल तकनीकी उपायों से संभव नहीं है—इसके लिए हर नागरिक, खासकर युवा और ग्रामीण क्षेत्र के लोग, जागरूक होने ज़रूरी हैं। SDPO सनी वर्धन ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि पुलिस प्रशासन अभियान में सक्रिय भागीदारी करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, बाज़ार और ग्रामीण इलाकों में ग्रामीणों और दुकानदारों तक साइबर ठगी से बचने के सरल तरीके पहुँचाए जाएँगे। “लोगों को छोटी-छोटी सावधानियाँ बताने से कई बड़े नुकसान टाले जा सकते हैं,” उन्होंने कहा। बैठक में युवा वर्ग को डिजिटल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने पर विशेष बल दिया गया। दोनों पक्षों ने मिलकर कहा कि पुलिस व समाज के साझे प्रयासों से चतरा को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा। जल्द ही जिले भर में कार्यशालाएँ, जागरूकता शिविर और स्कूल-स्तर पर अभियान शुरू करने की रूपरेखा जारी की जाएगी।
