
चतरा/कान्हाचट्टी: कान्हाचट्टी प्रखंड की पंचायतों ने राज्य स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कान्हाचट्टी प्रखंड की दो पंचायतों के मुखियाओं को सम्मानित किया। मदगाड़ पंचायत की मुखिया सुप्रिया कुमारी एवं राजपुर पंचायत के मुखिया विकास उर्फ छोटू सिंह को पंचायत स्तर पर बेहतर प्रशासन, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन, स्वच्छता, ग्रामीण विकास तथा जनभागीदारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल दोनों जनप्रतिनिधियों के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे कान्हाचट्टी प्रखंड और चतरा जिले के लिए भी गौरव का क्षण है। स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर ईमानदारी और सक्रिय नेतृत्व से विकास की नई मिसाल कायम हो रही है। सम्मान प्राप्त करने के बाद मुखिया विकास उर्फ छोटू सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार पंचायत की जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और सभी कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। वहीं सुप्रिया कुमारी ने कहा कि वे आगे भी पंचायत के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेंगी।
तन्हाचट्टी संवाददाता,नितेश कुमार सिंह
