
Chatra : प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टीअनंतपुर टोंगरी के पास मंगलवार को लगभग 5 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के भटबीघा गांव निवासी शंकर यादव (50) के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड से सटे बिहार क्षेत्र में इन दिनों एक्सप्रेसवे निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के तहत झारखंड क्षेत्र से हाइवा वाहनों के माध्यम से मिट्टी की ढुलाई की जा रही है तथा सड़क को समतल करने के लिए भारी मशीनों से लेवलिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यकि अचानक सड़क निर्माण में लगी मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि शव मशीन के अंदर फंस गया है, जिसे निकालने के लिए प्रयास जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
