
लावालौंग/चतरा । विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तमित्र लावालौंग द्वारा आयोजित भव्य रक्तदान महाशिविर का शुभारंभ चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सांसद श्री सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदाता समाज के सच्चे नायक हैं, जिनका निस्वार्थ योगदान मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। ऐसे सेवाभावी लोगों के कारण ही संकट की घड़ी में अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने रक्तमित्र लावालौंग की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि संगठन द्वारा लगातार जनसेवा और जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी हैं। उन्होंने सभी युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। सांसद श्री सिंह ने महाशिविर के सफल आयोजन के लिए रक्तमित्र लावालौंग की पूरी टीम, आयोजकों एवं सभी रक्तवीरों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग, करुणा और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं तथा लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। इस दौरान लावालौंग मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू, सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह, विवेक केसरी, गोविंद ठाकुर सहित अन्य लोगों उपस्थित रहे।
