
चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मूर्व स्थित ईश्वर दयाल पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां कटिया मूर्व गांव निवासी बिखी देवी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार, बिखी देवी डाड़ी चौक से आवास योजना की राशि निकालकर अपने घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। वहां परिजनों का रो रो कर बुरा हाल। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े कोयला लदे वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंची सिमरिया पुलिस स्थिति को संभालने में जुटी है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक बाईपास सड़क का निर्माण नहीं होता और कोयला वाहनों पर नियंत्रण नहीं लगाया जाता, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
