
Chatra : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान एवं जिला आयुष समिति चतरा द्वारा जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों के जवानों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आमजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी (दक्षिणी) मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसएसबी के कमांडेंट, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एसएन तिवारी, नोडल डॉक्टर एमपी यादव,लिपिक विक्रांत नायक, गुफरान रहमत सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, सुरक्षा बलों के जवान, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया।
