
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड के राजपुर पंचायत में शनिवार को पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा एवं विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित ग्राम सभा सह शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया। शिविर में मुख्य रूप से कान्हाचट्टी प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, राजपुर पंचायत मुखिया विकास सिंह, कान्हाचट्टी उपप्रमुख सुमन सिंह,वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहे। ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करना था। पहली प्राथमिकता में शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्यालयों में चारदीवारी की कमी, आंगनबाड़ी व्यवस्था, जल संचयन, नए तालाब निर्माण, तालाब गहरीकरण, नए कुओं का निर्माण, महिला विकास, प्रयोगशाला, बाल विकास, जैसी योजनाओं पर चर्चा की गई। वहीं दूसरी प्राथमिकता में सड़क, नाली-गली जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को रखा गया। ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट और सार्वजनिक चापानलों पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इस पर मुखिया विकास सिंह ने स्पष्ट कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक चापानल पर व्यक्तिगत कब्जा या मोटर लगाकर दूसरों को पानी से वंचित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संसाधन पूरे गांव की संपत्ति हैं, किसी एक व्यक्ति की नहीं। ऐसे मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम सभा के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
संवाददाता ,नितेश कुमार सिंह
