
चतरा। जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोबना गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक प्रेमिका ने प्रेम प्रसंग में प्रताड़ित होकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी महीने की 29 तारीख को दोनों की सगाई होने वाली थी। 24 वर्षीय नेहा कुमारी और सोनू तिवारी के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों की सहमति के बाद अक्टूबर में दोनों की शादी तय हुई थी। मृतका के चाचा धर्मेंद्र पांडेय का आरोप है कि प्रेमी सोनू अक्सर शक के आधार पर नेहा को मानसिक रूप से टॉर्चर करता था। प्रताड़ना से तंग आकर नेहा ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों के अनुसार, नेहा ने आत्महत्या के दौरान आरोपी को वीडियो कॉल भी किया था, जिसका साक्ष्य उसके लॉक मोबाइल में कैद है। वहीं घटना की सूचना के बाद सदर अस्पताल चतरा पहुंची जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी ने कहा कि यह मामला उनके पंचायत क्षेत्र कोबना का है। दोनों के बीच विवाह तय हुआ था। इस बीच मोबाइल पर बातचीत के दौरान युवती ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
