
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड अंतर्गत बैगोंकला पंचायत के गाड़िया गांव निवासी देवलाल यादव के 18 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार का शव लगभग 45 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। शव गंभारिया स्थित मंडरिया नदी के पास मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार शुक्रवार रात घर से बाहर निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। रविवार को नदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना के छोटा बाबू संदीप कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं एसडीपीओ सनी हर्षवर्धन, बीडीओ सुनील प्रकाश तथा सीओ मनोज गोप भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
संवाददाता: नितेश कुमार सिंह
