
चतरा में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। जिले में बढ़ते तापमान और लू के खतरों को देखते हुए सिविल सर्जन ने आम जनता के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। चतरा जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। तपती धूप और लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए चतरा के सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सिविल सर्जन ने कहा है कि लोग दोपहर के समय अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को गमछे, टोपी या छाते से ढककर रखें। उन्होंने शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह देते हुए कहा कि समय-समय पर पानी, ओआरएस घोल और तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। डॉक्टर सिन्हा ने चेतावनी दी है कि गर्मी और लू की चपेट में आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अस्पतालों को भी गर्मी से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
