
चतरा: सड़क सुरक्षा को लेकर चतरा जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। डीटीओ सह एसडीओ महेश्वरी प्रसाद के नेतृत्व में राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय के समीप चलाए गए अभियान में बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले 21 लोगों का चालान काटते हुए कुल 21 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199 ए के तहत नाबालिगों द्वारा बाइक चलाने के मामले में पांच मोटरसाइकिल जब्त कर सिमरिया थाना को सौंप दी गईं। प्रत्येक बाइक पर 25 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। डीटीओ महेश्वरी प्रसाद ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाइक चलाने के लिए देने वाले अभिभावकों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में वाहन मालिक या अभिभावक को दोषी माना जाएगा, जिन पर अधिकतम तीन वर्ष की जेल और 25 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। अभियान में एमवीआई मनीष कुमार, थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, परिवहन विभाग के कर्मी और पुलिस जवान मौजूद थे।
