
Chatra : ऑनलाइन फार्मेसी की मनमानी और बड़े कॉर्पोरेट घरानों की भारी छूट के खिलाफ दवा विक्रेताओं ने विद्रोह का बिगुल फूंक दिया है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने 20 मई 2026, बुधवार को पूरे देश में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान कर दिया। चतरा जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने इसे जमकर समर्थन दिया है।
बुधवार को चतरा में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष बिरजू प्रसाद केसरी और सचिव अनिमेष दत्त ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नियमों की खामियां भुनाकर बिना चेकिंग के दवाएं बेच रहे हैं। AI से फर्जी प्रिस्क्रिप्शन बनाकर एंटीबायोटिक्स और नशीली दवाएं बांट रहे, जिससे एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस का खतरा मंडरा रहा।”
कॉर्पोरेट कंपनियां डीप डिस्काउंट से बाजार उजाड़ रही हैं। ग्रामीण और छोटे शहरों के केमिस्टों का कारोबार ठप्प। देश के 5 करोड़ लोग इसी धंधे पर निर्भर। अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा, “यह सिर्फ व्यापार की लड़ाई नहीं, मरीजों की जिंदगी बचाने की जंग है।”
प्रेस वार्ता में कोषाध्यक्ष मोहम्मद सोहेल आलम, मंटू कुमार और मनोज कुमार भी मौजूद रहे। संगठन ने चेतावनी दी—20 मई तक सरकार ने मांगें न मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। जिले भर के केमिस्ट 20 को पूरी तरह बंद रखेंगे।
