
झारखंड के चतरा में 35वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कार्यवाहक कमांडेंट के निर्देशन में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत चतरा महाविद्यालय के परिसर में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे के घातक नुकसानों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ समाज गढ़ने के लिए प्रेरित करना था। इस मौके पर 35वीं बटालियन के निरीक्षक (सामान्य) अंकित रावत, अन्य बल कर्मी, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और अन्य अध्यापक-अध्यापिकाओं ने संयुक्त रूप से स्पष्ट संदेश दिया—नशा सिर्फ स्वास्थ्य ही नहीं बर्बाद करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को तबाह कर देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि नशे से दूर रहें, राष्ट्र निर्माण में योगदान दें, खुद को बचाएं और अपने आसपास वालों को भी सतर्क करें। एसएसबी अधिकारीयों ने बताया कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ समाज कल्याण के लिए भी एसएसबी कटिबद्ध है। नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ को स्वयं सजग रहने तथा दूसरों को जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
