
चतरा जिला के कोयलांचल में नक्सली गतिविधियों और लेवी वसूली के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। टंडवा थाना क्षेत्र से JJMP संगठन के सक्रिय सदस्य रविंद्र सिंह उर्फ रविंद्र खरवार को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर कोयल कंपनियों से लेवी मांगने, धमकाने और वाहन आग लगाने का संगीन आरोप लगाया है।
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले की जांच में सामने आया कि आम्रपाली परियोजना में माइनिंग और ट्रांसपोर्ट का काम करने वाली एनसीसी लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को JJMP और प्रतिबंधित TSPC जैसे संगठनों के नाम पर धमकीपूर्ण फोन मिल रहे थे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 की रात को कंपनी के एक वोल्वो ट्रक को रोककर पांच अज्ञात व्यक्तियों ने चालक व सुपरवाइजर पर हमला कर वाहन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। घटना स्थल पर JJMP के “शिव जी” के नाम का पर्चा भी छोड़ा गया था, जिसमें लेवी न देने पर गंभीर परिणाम की चेतावनी दी गई थी।
डीएसपी ने कहा कि अगले दिन भी कंपनी के अधिकारियों को उसी नाम से फोन कर लेवी की पुनः माँग की गई। मामले की गुप्त जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहाड़ गीर, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा निवासी रविंद्र सिंह को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में उग्रवादी गतिविधियों, लेवी वसूली और हिंसा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्यधारा से भटके लोगों को लौटने की अपील करते हुए कहा कि अपराध का रास्ता विनाश की ओर ले जाता है। गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी के साथ पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, थाना का रिज़र्व गार्ड और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।
