
चतरा:आजसू पार्टी के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को चतरा के उपायुक्त रवि आनंद से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले में जनमानस से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा और त्वरित समाधान की मांग की प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से चतरा-सिमरिया रोड पर हाइवा वाहनों के अव्यवस्थित संचालन से उत्पन्न हो रही परेशानियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि अनियंत्रित परिचालन के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है और आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इसके अलावा चतरा बाईपास रोड की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई और शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की मांग की गई। वहीं, कान्हाचट्टी प्रखंड में बालू के अवैध उठाव के मुद्दे पर भी प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दे महत्वपूर्ण हैं और उन पर प्राथमिकता के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सचिव सह जिला प्रभारी पारस नाथ सिंह, केंद्रीय सदस्य सह जिला प्रभारी संदीप सिंह, जिला अध्यक्ष शिवलाल दांगी, केंद्रीय सदस्य हिरा निषाद एवं जिला प्रधान सचिव राजेंद्र साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
