
चतरा में मुंडन की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब फुआ के घर आए एक 8 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।दर्दनाक हादसा सदर थाना क्षेत्र के पकरिया गांव का है। जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के ही सलैया गांव का रहने वाला 8 वर्षीय सुनील कुमार अपने फुआ के घर आयोजित एक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने आया था। शुक्रवार को वह अपनी फुआ के साथ पास के ही एक अहार (तालाब) में गया था, जहाँ उसकी फुआ कपड़े धो रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते सुनील पानी में उतर गया और गहरे पानी की चपेट में आने से डूबने लगा। शोर मचने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में बाहर निकाला और तुरंत सदर अस्पताल पहुँचाया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही उत्सव वाले घर में सन्नाटा पसर गया और खुशियाँ चीख-पुकार में तब्दील हो गईं। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
संवाददाता ,प्रवीण कुमार सिंह
