
Chatra : लावालौंग प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इचाहार गांव में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और कानूनी नुकसान के प्रति जागरूक किया।इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती, थाना प्रभारी चंदन कुमार, स्थानीय मुखिया अमित चौबे सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अफीम की खेती पूरी तरह गैरकानूनी है। इसके उत्पादन, खरीद-बिक्री एवं कारोबार में शामिल होने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि अफीम की खेती से होने वाले तात्कालिक आर्थिक लाभ के बजाय इसके दूरगामी दुष्परिणामों को समझना जरूरी है। इससे न केवल परिवार और समाज प्रभावित होता है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक छवि भी खराब होती है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं करने की अपील की।वहीं ग्रामीणों से कहा गया कि यदि गांव या आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है, तो इसकी सूचना प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता से अफीम मुक्त समाज एवं बेहतर भविष्य का निर्माण करना है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
