
चतरा। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को रोकने और दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से चतरा जिले में “हेलमेट नहीं तो तेल नहीं” अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत अब बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर पहुंचने वाले दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। अभियान की शुरुआत करने के लिए पुलिस अधीक्षक अनिमेष मैथानी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने वहां चालकों के हेलमेट पहनने की जांच की और पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि बिना हेलमेट वाले किसी भी चालक को ईंधन न दिया जाए।
पंपों पर सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर “हेलमेट नहीं तो तेल नहीं” के फ्लेक्स और बैनर लगाए जाएंगे। पंप संचालकों से अपेक्षा की गई है कि वे हेलमेट रहित चालकों को पेट्रोल देने से पहले उन्हें नियम की जानकारी दें और आवश्यक होने पर पुलिस को सूचित करें। अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194डी के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस धारा में हेलमेट न पहनने पर दंड का प्रावधान है।
हेलमेट जीवन रक्षक कवच
पुलिस अधीक्षक अनिमेष मैथानी ने कहा कि हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है। अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में मौत सिर में चोट लगने से होती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाना और सड़क सुरक्षा का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
सुरक्षा को मिलेगा प्राथमिकता
पुलिस का मानना है कि पेट्रोल पंपों पर हेलमेट की जांच से चालकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इससे सड़कों पर अनुशासन कायम होगा और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिलेगी। पुलिस ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और पेट्रोल पंपों पर नियमों के पालन की नियमित जांच की जाएगी। बिना हेलमेट चालकों को पेट्रोल देने वाले पंप संचालकों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
