
गिद्धौर (चतरा)। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर लौट रही पुलिस टीम ने रोहमर रोड स्थित बलरी पुल के पास अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 1.075 किलोग्राम अफीम जैसा पदार्थ, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा गिद्धौर थाना पुलिस बल के साथ विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में विधि-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान गिद्धौर से रोहमर होते हुए गांगपुर जाते समय बलरी पुल के आगे एक युवक मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध ढंग से इधर-उधर देख रहा था। संदेह के बाद गाड़ी रोकी गई, जिस पर युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शशिकांत कुमार दास उर्फ शशि, पिता गणेश रविदास, निवासी ग्राम बरटा, टोला पांडेबागी, थाना गिद्धौर, जिला चतरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी प्लास्टिक में रखा अफीम जैसा पदार्थ, विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और लाल-काला होंडा स्पाइन मोटरसाइकिल (वाहन संख्या JH13F-4150) जब्त किया गया। इस संबंध में गिद्धौर थाना में कांड संख्या 98/26, दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 18(सी), 22(बी), 27(ए), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
कार्रवाई में अंचलाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा, पुलिस निरीक्षक बिरेंद्र हांसदा, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।
