
कान्हाचट्टी/चतरा । प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जिला परिषद उम्मीदवार सिकेंद्र खरवार ने सोमवार को विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों और युवाओं से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चीरीदिरी पंचायत के सिंदुरिया नावाडीह में भवानी क्लब द्वारा आयोजित गणेश चतुर्थी पूजा समारोह में शामिल होकर पूजा पंडाल का भ्रमण किया और प्रसाद ग्रहण किया. गणेश चतुर्थी को लेकर सिंदुरिया नावाडीह सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल रहा. पूजा पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. इस दौरान पंडाल परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजता रहा. आकर्षक सजावट व रोशनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. पूजा समारोह के बाद सिकेंद्र खरवार ने हेसाग, चौरट, सिंदुरिया नावाडीह, कलिया नावाडीह और सिमराडीह समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की. मौके पर धीरू सिंह, संजय सिंह, आयुष सिंह, अमरजीत सिंह, अमन सिंह, अनुज, सितन भुइयां, गुड्डू भुइयां, गुना भुइयां समेत पूजा समिति के सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे.
कान्हाचट्टी संवाददाता नितेश कुमार सिंह
