
चतरा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चतरा पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर हंटरगंज पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बिपिन कुमार के आदेशानुसार गुरुवार को हंटरगंज थाना पुलिस ने शोहदा मोड़ एवं प्रतापपुर मोड़ पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों ने सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। इसी प्रकार नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। हंटरगंज पुलिस ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना पैदा करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और हंटरगंज क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। अभियान में अ०नि० भोला शाह सहित सशस्त्र बल के जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान के दौरान शोहदा मोड़ एवं प्रतापपुर मोड़ से गुजरने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
