
चतरा : सर्किट हाउस के सामने स्थित चांदनी होटल में शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ युवक मौके से फरार हो गए। फरार युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने होटल के आसपास घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है। बताया गया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को चांदनी होटल में अवैध गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने होटल में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में मौजूद युवक-युवतियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। पुलिस टीम ने होटल से संबंधित आवश्यक कागजात की भी जांच की। साथ ही होटल में लगे सीसी कैमरों का डीवीआर भी पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त डीवीआर और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके आधार पर होटल में संचालित गतिविधियों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।
