
चतरा। एसपी अनिमेष नैथानी ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिले के पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक तथा सभी थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में एसपी ने संगठित अपराध चोरी, छिनतई की घटनाओं पर विराम लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं पोक्सो से एक्ट से संबंधित दर्ज कांडों पर विशेष रूप से फोकस किया। कहा कि लंबित कांडों का अविलंब निष्पादित करें। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि
थानों में जितने भी जमानती तथा गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की- जब्ती लंबित है,उसे एक विशेष अभियान चलाकर निष्पादन करें। बैठक में साइबर, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी आम नागरिकों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध मादक पदार्थ के खरीद-बिक्री होने वाले जगह को चिन्हित करने तथा उसमें शामिल अभियुक्तों को चिन्हित कर एक विशेष अभियान चला कर गिरफ्तारी करने का आदेश दिया।इसके अलावा साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजरी का प्रस्ताव एवं गुंडा पंजी में भेजने का निर्देश दिया गया। एसपी श्री नैथानी ने सभी थाना प्रभारी को सम्बोधित करते हुए अपने अपने थानों में आम पब्लिक की समस्याओं को सुने एवं उसकी समस्याओं को समय पर निष्पादित करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कहा कि जितने अपराधकर्मी जेल से बाहर आए हैं उनकी सूची तैयार कर चिन्हित करते हुए उनकी गतिविधि पर नजर बनाए रखें,ताकि अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
