
चतरा। सदर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 14.93 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद किया है। बरामद ब्राउन शुगर में एक आरोपी के पास से 1.58 ग्राम तथा दूसरे के पास से 13.35 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। मामले में सदर थाना कांड संख्या 336/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को शाम करीब सात बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जितनी मोड़ से आगे बहेड़ा टांड़ के खाली मैदान में रात करीब 8:30 बजे से 9 बजे के बीच दो-तीन व्यक्तियों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जाएगी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जितनी मोड़ से आगे बहेड़ा टांड़ स्थित खाली मैदान के आसपास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद राजा उर्फ तालीम (28 वर्ष), पिता मोहम्मद सलीम, निवासी कुंजरटोली, थाना सदर, जिला चतरा तथा आदित्य कुमार यादव (22 वर्ष), पिता लोकेश्वर यादव, निवासी असढ़ीया, थाना सदर, जिला चतरा के रूप में हुई है।
दोनों के पास से ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मोहम्मद राजा उर्फ तालीम के पास से उसके हाफ पैंट की बायीं जेब से अवैध ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसका वजन कागज समेत 1.58 ग्राम बताया गया है। वहीं, आदित्य कुमार यादव के पास से 13.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसका वजन प्लास्टिक समेत बताया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद नशीले पदार्थ के साथ सदर थाना लाया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 27, 28 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से आदित्य कुमार यादव के खिलाफ सदर थाना में पहले से कांड संख्या 34/2025, दिनांक 27 जनवरी 2025, दर्ज है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 329(4), 79 एवं 3(5) से संबंधित है।वहीं, मोहम्मद राजा उर्फ तालीम के खिलाफ सदर थाना में पहले से दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें कांड संख्या 59/2024, दिनांक 30 जनवरी 2024, एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 27 एवं 29 के तहत दर्ज है। इसके अलावा कांड संख्या 298/2017, दिनांक 6 अक्टूबर 2017, में भारतीय दंड विधि की विभिन्न धाराओं तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी टीम में शामिल थे अधिकारी
पूरी कार्रवाई के लिए गठित छापेमारी दल में सन्नी वर्धन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा, अनिल उरांव, पुनि सह थाना प्रभारी सदर थाना, पुअनि मनीष कुमार, सअनि प्रवीण कुमार तथा सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

