
Chatra : लावालौंग पीएम श्री योजना के तहत सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के लिए पीएम श्री हाई स्कूल लावालौंग के 30 छात्र-छात्राओं का दल रविवार को भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ। विद्यार्थियों के प्रस्थान से पूर्व विद्यालय परिसर में पूजा-अर्चना एवं विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया।विद्यालय के प्रिंसिपल अशोक कुमार पासवान ने विधिवत पूजा-पाठ कर विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की। इसके बाद प्रिंसिपल अशोक कुमार पासवान एवं स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के अध्यक्ष जफरुद्दीन मियां ने संयुक्त रूप से बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को भुवनेश्वर के लिए रवाना किया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे। अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उत्साहपूर्वक विदा किया।
शैक्षणिक भ्रमण दल का नेतृत्व वरिष्ठ शिक्षक अशोक ठाकुर एवं शिक्षिका रौशनी निगार कर रहे हैं। दोनों शिक्षक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की देखरेख, मार्गदर्शन एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।व्यावहारिक ज्ञान देना है उद्देश्य शैक्षणिक भ्रमण में साइन सीटी, तारामंडल, खंडगिरी, उदयगिरी,अरुणादेवी मन्दिर, पूरी समुद्र तट इत्यादि स्थानों पर भ्रमण कराई जाएगी। इस भ्रमण मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना है। भुवनेश्वर भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उनके ज्ञान में वृद्धि होगी। वहीं सामूहिक यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक भावना, अनुशासन, सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होगा।प्रिंसिपल अशोक कुमार पासवान एवं एसएमसी अध्यक्ष जफरुद्दीन मियां ने शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन के लिए सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
*रिपोर्टर मो0 साजिद*
