
Chatra : उपायुक्त रवि आनंद ने आज जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने हेरुआ डैम, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन पिक्चर टाइम थियेटर, छठ तालाब के समीप स्थित महादेवी वर्मा महिला कॉलेज तथा छठ तालाब का निरीक्षण किया। हेरुआ डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने क्षेत्र के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डैम परिसर में पार्क का विकास, सोलर लाइट की स्थापना, पेवर ब्लॉक लगाने सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को योजनाबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। निर्माणाधीन पिक्चर टाइम थियेटर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने शेष बचे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को शीघ्र ही इस सुविधा का लाभ मिल सके। इसके उपरांत उपायुक्त ने महादेवी वर्मा महिला कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से कॉलेज के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा संस्थान के बंद रहने के कारणों एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। साथ ही कॉलेज भवन की जर्जर स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छठ तालाब का भी अवलोकन किया तथा तालाब के जलस्तर एवं उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
